आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र के कासन गांव के पास पशु तस्करों ने गो-रक्षकों पर फायरिंग कर दी। इसमें वे बाल-बाल बच गए। गोरक्षक पिकअप वाहन में गोवंश लेकर जाने की सूचना पर उन्हें पकड़ने के लिए खड़े थे। उन्होंने चार पशु तस्करों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों के पास से एक गाय, पिकअप वाहन, उसमें भरे कुछ पत्थर, अवैध शस्त्र बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, मोहित गांव मानेसर में रहते हैं। वह गोरक्षक हैं। 21 फरवरी को सूचना मिली कि मोकलवास से कासन जाने वाले रास्ते से होकर एक पिकअप वाहन गोवंश लेकर राजस्थान जाएगा। वे अपनी गाड़ी में अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कासन गांव में खड़े हो गए। तभी रास्ते में आती एक पिकअप को रुकने का इशारा किया तो चालक मोकलवास गांव की ओर भागने लगा। अपनी गाड़ी से सभी ने उनका पीछा किया तो एक तस्कर ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली गो-रक्षकों की गाड़ी में लगी। इसमें वह बाल-बाल बच गए। तभी भाग रहे तस्करों के पिकअप का टायर एक पत्थर पर चढ़कर फट गया और गाड़ी खेत में चली गई।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मदद से चार तस्करों को मौके पर दबोच लिया। गाड़ी में एक गोवंश था। आरोपियों की गाड़ी में कुछ पत्थर भी मिले। एसएचओ आईएमटी मानेसर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी निसार, रफीक, जाकिर निवासी निवासी रोजका मेव और इरशाद उर्फ रम्मी निवासी गांव सूंध, थाना सदर तावड़ू जिला नूंह हैं। मोहित की शिकायत पर जानलेवा हमले, समेत अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।