गुरुग्राम। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूूलों में दाखिले के लिए 10 मई तक समय बढ़ा दिया गया है। ऐसे में इन स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए 3 दिन बचे हैं। 25 अप्रैल तक मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया चलाई गई थी, लेकिन काफी बच्चे किन्हीं कारणों से दाखिला नहीं ले सके थे। अभिभावकों ने प्रदेश सरकार और शिक्षा निदेशालय से मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिला देने की मांग की थी, जिसके बाद निदेशालय ने दाखिले के लिए दोबारा पोर्टल खोला है। गुरुग्राम के चारों खंडों में एक-एक राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हैं और पूरे जिले में 109 राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से मान्यता प्राप्त राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों में पहली कक्षा, छठी, नौवीं और 11वीं कक्षा में दाखिले दिए जा रहे हैं। मॉडल संस्कृति स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से दाखिला दिया गया था, लेकिन शिक्षकों और अभिभावकों के विरोध के बाद हिंदी माध्यम से भी बच्चों को दाखिला दिया जा रहा है।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फरुखनगर के प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव ने बताया कि पहले 25 अप्रैल तक आवेदन करने के बाद 26 अप्रैल को दाखिले के लिए ड्रॉ निकाले गए थे। अभिभावकों ने मॉडल संस्कृति स्कूलों में अपने बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए प्रदेश सरकार से मांग की थी, जिसके बाद आवेदन के लिए अब दोबारा से पोर्टल खोला गया है। 10 मई तक दाखिले के लिए आवेदन किए जा सकेंगे और इसके बाद ड्रॉ निकाले जाएंगे।