संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों और लोगों ने जताई आपत्ति, अधिकारों का बताया उल्लंघन
व्यापारी इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठा चुके हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगर परिषद पटौदी जाटौली मंडी के अंतर्गत आने वाली ऐतिहासिक हेलीमंडी में इन दिनों जमीन की मलकियत को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संवाद कार्यक्रम के दौरान हेलीमंडी के व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से इस बात पर नाराजगी जताई है कि जिस जमीन को वर्षों पहले तत्कालीन नवाब पटौदी ने बसाया और रजिस्ट्री करवाई थी, उसे अब हरियाणा सरकार के नाम पर चढ़ा दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जमीन पूर्व से रजिस्टर्ड है और उसका रिकॉर्ड नगर पालिका के पास भी उपलब्ध है। ऐसे में प्रॉपर्टी आईडी में हरियाणा सरकार का नाम चढ़ाया जाना न केवल अनुचित है, बल्कि जनता के अधिकारों का उल्लंघन भी है।
नगर परिषद पटौदी जाटौली मंडी के पार्षद आनंद भूषण ने बताया कि हेलीमंडी की लगभग 28-29 एकड़ जमीन, जो नवाब पटौदी द्वारा काटी गई थी, की रजिस्ट्रियां उस समय की नगर पालिका में दर्ज हैं। इस जमीन पर वर्षों से लोग मालिकाना हक रखते आए हैं, लेकिन हाल ही में यह जमीन हरियाणा सरकार के नाम दर्ज कर दी गई है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि वे यह मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठा चुके हैं और उन्हें मौखिक रूप से समाधान का आश्वासन मिला है। हालांकि, जमीनी स्तर पर अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां नालों की हालत खराब है। पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। मानसून से पहले सफाई जरूरी है। इसके अलावा शौचालयों में न पानी है, न सफाई। कई बार शिकायत की लेकिन स्थिति जस की तस है।
-
मानसून पूर्व सफाई की भी उठी मांग
हेलीमंडी में मूलभूत सुविधाओं की कमी भी बड़ी समस्या बनी हुई है। सार्वजनिक शौचालयों की हालत बेहद खराब है। न तो वहां पानी है और न ही नियमित सफाई। - दिनेश गोयल, जिला अध्यक्ष, व्यापार मंडल
जल निकासी और नालों की सफाई न होने के कारण गंदगी फैल रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। मानसून आने से पहले प्रशासन को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए ताकि जलभराव और बीमारी की स्थिति से बचा जा सके। -अजय मंगला, अध्यक्ष, व्यापार मंडल हेलीमंडी इकाई
-
हेलीमंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल है। हेलीमंडी में लोगों की सबसे बड़ी समस्या प्रॉपर्टी आईडी की है। स्थानीय प्रशासन प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को ठीक करवाए और लोगों को राहत प्रदान करे। अन्यथा लोग आंदोलन का मार्ग अपना सकते हैं। -रमेश गर्ग, पूर्व अध्यक्ष,
व्यापार मंडल हेलीमंडी