असंतुलित होकर मोटरसाइकिल से गिर गया था पीड़ित
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मोटरसाइकिल से असंतुलित होकर गिरने से घायल हुए एक युवक की मदद करने के नाम पर एक अनजान व्यक्ति ने पहले मानवता का परिचय देते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मानवता को ही शर्मसार करते हुए उक्त व्यक्ति घायल युवक की बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार के जिला पटना निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह पालम विहार में रहता है। बीते रविवार को सुबह वह अपना काम खत्म करके घर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान एमजी रोड पर अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया।
घायल को देखकर एक राहगीर उसे उठाने लगा। घायल ने उससे पालम विहार तक छोड़ने के लिए कहा। इस पर अनजान व्यक्ति उसकी मदद के लिए तैयार हो गया और उसकी मोटरसाइकिल पर उसे पीछे बिठाकर चलने लगा। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उसने अनजान व्यक्ति से शीतला माता मंदिर के पास निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही। इस पर मददगार बने अनजान व्यक्ति ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। थोड़ी देर बाद न तो उसे वह व्यक्ति मिला न ही उसकी मोटरसाइकिल वहां पर थी। पीड़ित का आरोप है कि अनजान व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।