गुरुग्राम। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक महिला ने अपने दो भाइयों व उनके परिवार पर डंडों व लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। एक दिन पहले दोनों पक्षों में हुई मारपीट व दर्ज मामले को लेकर महिला उनसे बातचीत करने गई थी। महिला एक भाई के घर बैठकर सोमवार को बात कर रही थी। उसी दौरान दो अन्य भाई अपने परिवार के साथ आए और मारपीट की।
न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार मदनपुरी कॉलोनी में रहने वाली रेनूबाला का कहना है कि सोमवार को वह अपने भाई जसबीर गुप्ता के घर गई थी। वहां अपने भाई जसबीर के अलावा भतीजे कुनाल, भाभी बबिता के साथ घर के अंदर बैठकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान इसका बड़ा भाई जगदीश, छोटा भाई जसपाल, भतीजा सुमित, संजीव, सचिन, भाभी आदि हाथों में डंडे व लोहे की रॉड लेकर आए। आते ही वहां बातचीत कर रहे सब लोगों पर हमला कर उन्हें मारपीट कर घायल किया। डज्ञयल 112 पर कॉल किया तो पुलिस को आता देख आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
आरोप है कि एक युवक ने हाथ में पिस्टल लहराकर धमकी भी दी कि यदि पुलिस को शिकायत दी तो जान से मार देंगे। घायलों को इलाज के लिए रेलवे रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और वहां महिला के बयान दर्ज किए। जिसके आधार पर न्यू कॉलोनी थाना में घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़-फोड़ व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। बता दें कि एक दिन पहले भी महिला ने अपने भाई और भाई ने बहन पर आरोप लगाकर क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई थी।