सस्ता आईफोन और आभूषण के नाम पर ठग लिए दो लाख रुपये
गुरुग्राम। शहर में ठगों ने दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया है। नौकरी दिलाने और सस्ता आईफोन व आभूषण देने के नाम पर यह ठगी की गई। साइबर क्राइम मानेसर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-77 निवासी अमित अस्थाना से नौकरी के नाम पर 2.78 लाख रुपये ठगे गए। अमित बीते 11 सालों से स्माल फाइनेंस बैंक में कार्यरत हैं। उन्होंने बड़े बैंक में नौकरी के लिए अपना बायोडाटा एक वेबसाइट पर डाला था। आठ जुलाई को राजबीर नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। राजबीर ने 21 जुलाई को बायोडाटा अपडेट के नाम पर ईमेल भेजा। उस ईमेल में 81200 रुपये भरने को कहा गया। इसके बाद अलग-अलग शुल्क के नाम पर कुल 2.78 लाख रुपये ले लिए गए। अमित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
वहीं, खोह गांव निवासी पवन से सस्ता आईफोन और आभूषण देने के नाम पर दो लाख रुपये ठगे गए। पवन ने 23 जुलाई को इंस्टाग्राम पर मोबाइल और आभूषण का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने पर उन्हें व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला। इसमें 50 फीसदी सस्ते दाम पर आईफोन-17 प्रो और सोने के आभूषण का लालच दिया गया। पवन ने आईफोन और सोने के सामान खरीदने के लिए दो लाख रुपये बताए गए खाते में डाल दिए। दो लाख रुपये देने के बाद ठगों ने पवन से जीएसटी व अन्य शुल्क के लिए एक लाख रुपये और मांगे। पवन ने अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें नहीं दिए गए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। साइबर मानेसर थाना पुलिस ने पवन की शिकायत पर भी मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।