अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने कार खरीदने के नाम पर शोरूम की महिला सेल्स कर्मी से 35 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर अपराध थाना मानेसर में अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी सर्वजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के नवादा गांव स्थित एक सोसाइटी में रहती है। वह अगस्त माह में एक कार एजेंंसी में बतौर सेल्स कर्मी कार्यरत थी। 12 अगस्त को एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कार खरीदने के लिए उससे पर्सनल बैंक खाते की जानकारी पूछी और बुकिंग अमाउंट के लिए 35 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने का मैसेज उसे भेजा। इसके कुछ देर बाद कॉल करने वाले ने बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे रुपयों की जरूरत है।
कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति ने सर्वजीत कौर को भेजे गए बुकिंग अमाउंट की राशि वापस मांगी, ताकि वह अपना इलाज करा सके। इसके बाद सर्वजीत कौर ने उस व्यक्ति के बताए गए खाते में 35 हजार रुपये भेज दिए। जब कुछ देर बाद सर्वजीत कौर ने अपने बैंक खाते में बैलेंस जांचा तो उसके अपने साथ हुई ठगी के बारे में पता चला कि उसके पास राशि क्रेडिट होने का फर्जी मैसेज आया था। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना मानेसर में एफआईआर दर्ज की है।