दूसरा घायल, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। मजदूरी कर घर वापस लौट रहे बाइक सवार दो मजदूरों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार देर रात की है। घायल को नल्हड़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया। अभी उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटनास्थल पर पहुची ईआरवी व बिछोर थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मुबारिकपुर रावलकी गांव निवासी जमशेद व आसू मकानों में शटरिंग का काम करते हैं। दोनों ही आली गांव में एक मकान की शटरिंग का काम खत्म कर शनिवार देर रात बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब दोनों फरदडी गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी जिससे जमशेद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठा आसू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिछोर पुलिस की ईआरवी गाड़ी पहुंची और आसू को अस्पताल में भर्ती कराया।
______________________________________
मृतक के परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-जगबीर सिंह, बिछोर थाना प्रभारी
फोटो: विलाप करती महिलाएं
फोटो: मृतक का फाइल फोटो