मस्जिद के इमाम सहित दो पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। जिले के एक गांव से नाबालिग लड़की को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव की मस्जिद के इमाम और उसके साथी पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि तीन अप्रैल की सुबह उसकी बेटी घर से गायब मिली। अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिर फोन पर सूचना मिली की बेटी नूंह के एक गांव में मौजूद है। परिजन नाबालिग लड़की को लेने के लिए उस गांव पहुंचे और बेटी को घर ले आए। घर आने पर पीड़िता ने बताया कि गांव की मस्जिद के इमाम नौशाद उसे दो- तीन अप्रैल की रात मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया था। रास्ते में उसका साथी आकिल मिला। दोनों ने सीलखो पहाड़ में सुनसान जगह पर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक जब बाइक पर बैठकर सभी नूंह की ओर जा रहे थे तो सामने पुलिस वाहन को देख दोनों डर गए। चालक ने बाइक एक गांव की ओर मोड़ दी। जहां पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ करने के बाद पीड़िता के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि करीब दो दिन तक विवाद का पंचायती स्तर पर समाधान करने का प्रयास हुआ, लेकिन मुख्य आरोपी ने उन्हें ही झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस मामले में तावडू सदर थाना प्रभारी जितेंद्र यादव का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं सकी है।