गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित करने के लिए बुधवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। इस बार समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि होंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल को उपायुक्त अजय कुमार ने देखा और प्रतिभागियों को सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ऑपरेशन सिंदूर की गौरव गाथा की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक टीमों द्वारा एक से बढ़कर प्रस्तुतियां दी जाएंगी जिनके माध्यम से देश की अनेकता में एकता की छवि प्रस्तुत की जाएगी। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में 10 टुकड़ियां परेड में भाग लेंगी, जिनका नेतृत्व एसीपी अभिलक्ष जोशी करेंगे। ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आने से पहले कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हाॅल परिसर में स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर देश के आजादी आंदोलन तथा बाद में सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों व वीर बलिदानियों के परिजनों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। ब्यूरो