गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में झज्जर बाईपास रोड पर पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे पर लावारिस हालत में नवजात बच्ची मिली है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। होटल संचालक सोमबीर, निवासी सुलतानपुर, गुरुग्राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वो अपने होटल से रिश्तेदार के ट्रांसपोर्ट ऑफिस की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पीपल के पेड़ के नीचे सफेद कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची दिखी। पास जाकर देखा तो बच्ची हाथ-पैर हिला रही थी।
सोमबीर ने बताया कि बच्ची सिर्फ 1-2 दिन की ही है। आसपास पूछताछ करने पर उसके माता-पिता का कोई पता नहीं चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमबीर ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सिविल अस्पताल में चल रहा है बच्ची का इलाज
सूचना मिलने पर एएसआई धर्म सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची को पहले राजकीय उपमण्डल हस्पताल फर्रुखनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टर के मौजूद न होने पर उसे गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्ची को शिशु वार्ड में भर्ती कराकर इलाज शुरू किया गया है। डॉक्टरों द्वारा एमएलआर रिपोर्ट तैयार की गई है।
अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायतकर्ता सोमबीर के बयान पर पुलिस ने धारा 93 बीएनएस के तहत अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई धर्म सिंह ने बताया कि बच्ची को लावारिस छोड़कर उसकी जान जोखिम में डालने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।