वार्ड-21 में निरीक्षण के साथ ही निर्माण स्थलों पर पानी के उपयोग की जांच के भी दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। वार्ड-21 के अंतर्गत सनसिटी क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। वार्ड-21 की पार्षद ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित सामग्री और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अवैध पानी कनेक्शनों के मुद्दे को भी गंभीरता से लिया गया। निर्माण स्थलों पर उपयोग किए जा रहे पानी के स्रोतों की जांच करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि यदि किसी निर्माण स्थल पर अवैध पानी कनेक्शन का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर वार्ड 21 की पार्षद सोनिया यादव ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ और बेहतर सड़क उपलब्ध कराई जा सकें, जिससे आवाजाही प्रभावित न हो। वहीं, क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्यों के निरीक्षण और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।