फाजिलपुरिया पर फायरिंग के बाद गैंगस्टर दीपक नांदल ने दी थी धमकी
गायक के करीबी रहे रोहित शौकीन की गोलियों से भूनकर हत्या, अब ईवेंट ऑर्गेनाइजर पर फायरिंग
प्रवीन कुमार
गुरुग्राम। बॉलीवुड गायक व रैपर राहुल फाजिलपुरिया (राहुल यादव) के करीबियों को गैंगस्टर दीपक नांदल द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। 14 जुलाई 2025 को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के बाद दीपक नांदल, सुनील सरढानिया व राव इंद्रजीत यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल करके जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में फाजिलपुरिया को उनके पांच करोड़ रुपये नहीं देने पर उनके करीबियों को मारने की धमकी दी थी। ऐसे में राहुल फाजिलपुरिया और संगीत निर्माता से गैंगस्टर बने दीपक नांदल के बीच पांच करोड़ रुपये का लेनदेन का विवाद कई लोगों की जान के लिए मुसीबत बन गया है।
विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल का आरोप है कि उसने राहुल फाजिलपुरिया को सेलिब्रिटी बनाने व उनके गानों के निर्माण में पांच करोड़ रुपये निवेश किए थे लेकिन अब वे न तो फोन उठा रहे हैं और न ही रुपये वापस कर रहे हैं। हालांकि उस समय भी राहुल फाजिलपुरिया ने दीपक नांदल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने पहले साथ काम जरूर किया था, लेकिन पिछले 3-4 सालों से उनका कोई संपर्क नहीं है और न कोई पैसा बकाया है।
रोहित शाैकीन की हुई थी हत्या
4 अगस्त 2025 की रात को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर दिल्ली के कमरूद्दीन नगर, निहाल विहार निवासी रोहित शौकीन (39) की गोलियाें से भूनकर हत्या की गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी भी दीपक नांदल, सुनील सरढानिया व राव इंद्रजीत याइव ने थी। जांच में सामने आया था कि रोहित शौकीन (मृतक) गायक राहुल फाजिलपुरिया का गारंटर था। रोहित को कुल 12 गोलियां लगी मिली। इनमें नौ गोलियां शरीर के आरपार थी, जबकि तीन गोलियां पोस्टमार्टम के दौरान शरीर के अंदर मिली।
फाजिलपुरिया पर फायरिंग और रोहित की हत्या मामले में कई गिरफ्तार
गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और रोहित शौकीन हत्या मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अक्टूबर 2025 में वांछित अपराधी सुनील सरढानिया को विदेश से डिपोर्ट कराकर दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। इसके अलावा विनोद उर्फ पहलवान, पदम उर्फ राजा, आशीष उर्फ आशु, गौतम उर्फ गोगी, शुभम उर्फ काला, कमल, शक्ति, सुदीप, कुलदीप को गिरफ्तार किया। फाजिलपुरिया की रेकी करने के आरोप में विशाल नामक युवक को पकड़ा था। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने वाले अमित उर्फ मीता और वाशु को भी गिरफ्तार किया गया था।
सौरभ यादव पर फायरिंग
2 मई की रात करीब 11 बजे सेक्टर-45, कन्हई गांव में गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर पर फायरिंग की गई। दो शूटरों का टारगेट सौरभ यादव थे और उन्होंने तीन गोलियां चलाई थीं। इस फायरिंग में उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी कुलबीर घायल हो गया था। फायरिंग की भी दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल करके जिम्मेदारी ली। फायरिंग मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों अशोक उर्फ पहलवान, सुमित, मनोज काबर, विक्की, गुरशेर सिंह उर्फ शेरा व जसपाल उर्फ बबल को गिरफ्तार किया था। सोमवार की सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश गुरशेर सिंह उर्फ शेरा की मौत हो गई।