गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए सैनिकों को पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विद्यार्थी सैनिकों को पत्र लिखकर उनके साहस, देशसेवा और योगदान के लिए धन्यवाद देंगे। प्रतियोगिता की प्रक्रिया छह अगस्त से शुरू हो गई है। सात अगस्त को स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक स्कूल से कक्षा तीन, चार और पांच के तीन-तीन बेहतर पत्र चुने जाएंगे।
इसके बाद 10 और 11 अगस्त को क्लस्टर, 12 अगस्त को ब्लॉक और 13 अगस्त को जिला स्तर पर पत्रों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर भी प्रत्येक कक्षा से तीन पत्र चुने जाएंगे। चयनित पत्र 14 अगस्त तक सैनिकों की संबंधित इकाइयों को भेजे जाएंगे। स्कूलों में पत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कक्षा तीन के विद्यार्थी 50-60, कक्षा चार के 60-80 और कक्षा पांच के विद्यार्थी 80-100 शब्दों में पत्र लिखेंगे। मूल्यांकन मौलिकता, विचारों की स्पष्टता, भाषा, देशभक्ति और रचनात्मकता के आधार पर किया जाएगा। शीर्ष 100 पत्र भारतीय सशस्त्र बल मुख्यालय भेजे जाएंगे। संवाद