रेजांगला चौक पर वीर शहीदों को किया नमन, तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बादशाहपुर विधानसभा में रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अगुवाई में यह यात्रा सेक्टर-22 स्थित कृष्णा चौक से आरंभ होकर रेजांगला चौक पर सम्पन्न हुई। कैबिनेट मंत्री ने रेजांगला चौक पर पहुंचकर वीर शहीदों को नमन किया। यात्रा में भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी तथा अन्य पार्षद भी सहभागी बने।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज का भारत युवा शक्ति, एकता और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा, जन-जन तिरंगा’ का आह्वान किया है। तिरंगा हमारी शान है और यह भावना प्रत्येक नागरिक के हृदय में बसनी चाहिए। उन्होंने अपील की है कि 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराकर शहीदों के बलिदान को नमन करें और अभियान से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया व harghartiranga.com पर साझा करते समय हैश टैग का प्रयोग करें, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।
भारत माता के जयकारों के साथ गूंजा देश भक्ति का जज्बा
पटौदी। पटौदी की विधायक बिमला चौधरी की अगुवाई में पटौदी के रामलीला मैदान से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में भाजपाई अपने हाथों में तिरंगा झंडा लिए हुए भारत माता और अमर शहीदों के जयकारे लगाते हुए पटौदी के मैन चौक, नौहटा चौक,व्यापारी मौहल्ला,नया गांव मार्ग होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंचे। इस मौके पर पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने स्वतंत्रता सेनानियों, बलिदानियों और वीर शहीदों को नमन किया। संवाद