थाना प्रभारी सेक्टर 40 इंस्पेक्टर मनोज वर्मा के अनुसार एमपी के छतरपुर कर रहने वाला 16 वर्षीय किशोर झाड़सा गांव में परिवार सहित रहता था। उसके पिता राजकुमार पिछले 15 साल से मजदूरी करते हैं। जबकि किशोर एक टेंट हाउस में वेटर का काम करता था। बुधवार की रात को किशोर का शव सेक्टर 40 स्थित एक मकान के बाहर मिला। उसके गले और पेट पर चाकुओं के निशान थे।
गली में मौजूद गार्ड ने बताया कि युवक काफी दूर से दौड़ता हुआ आ रहा था और मकान के बाहर गिर गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहीं पुलिस के ऑला अधिकारी, पुलिस की सीन-ऑफ-क्राइम, एफ.एस.एल. व फिन्गरप्रिंट की टीमों ने घटनास्थल पर निरीक्षण किया। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
सेक्टर-40 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज वर्मा की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए हत्यारोपित 15 वर्षीय नाबालिग को महज 16 घंटे के दरमियान रेवाड़ी से काबू कर लिया।
इंस्टाग्राम पर लड़की से बात करने पर दोस्त की हत्या
आरोपी नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह और किशोर दोनों ही झाड़सा में रहते और इंस्टाग्राम पर दोस्त थे। मृतक किशोर की पिछले करीब एक-डेढ़ साल से एक लड़की के साथ दोस्ती थी। वहीं लड़की पिछले कुछ दिनों से आरोपी से भी बात करने लगी। जब आरोपी को पता चला कि जिस लड़़की से वह बात करता है, वही लड़की किशोर से भी बात करती है तो वह किशोर से रंजिश रखने लगा। इसकी रंजिश रखते हुए 15 वर्षीय आरोपी नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त की हत्या करने की योजना बनाई। उसने मंगलवार को 150 रुपये में एक चाकू खरीदा। वहीं बुधवार की रात को योजनानुसार किशोर को बीयर पीने के बहाने बुलाया और चाकू से वार करके हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया।