दुर्घटना में डिलीवरी बॉय की मौत
फरीदाबाद के पल्ला का निवासी था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बजघेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क पर अचानक कुत्ता आने पर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। बाइक के डिवाइडर से टकराने के दौरान चालक का हेलमेट निकलने से उसके सिर में गंभीर चोटें लगी थीं।
मृतक की पहचान फरीदाबाद के पल्ला गांव निवासी कमल (35 वर्ष) के रूप में हुई। कमल ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के लिए काम करता था। बुधवार रात करीब नौ बजे वह बाइक पर सवार होकर दिल्ली से मानेसर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि कमल सामान्य गति से अपनी बाइक चला रहा था। सड़क पर एक कुत्ता अचानक बाइक के सामने आ गया तो चालक कमल ने कुत्ते को बचाने के लिए जब बाइक को मोड़ा तो वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बजघेड़ा थाने से निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल कमल को अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।