महिला आयोग ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पांच दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी
परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर मामले को दबाने और सीसीटीवी फुटेज गायब होने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र स्थित बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी में छात्रा भूमिका की मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। 25/26 अगस्त की रात को हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर भूमिका ने आत्महत्या कर ली थी। सोमवार की दोपहर को महिला आयोग ने गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पांच दिन के अंदर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कहा है कि यह काफी संवेदनशील और गंभीर विषय है। इस मामले में निष्पक्ष व पारदर्शिता से जांच होनी चाहिए।
मृतका की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी भूमिका (19 वर्ष) के रूप के हुई थी। वह बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी के बीटेक तृतीय वर्ष में पढ़ती थी। वहीं, अलवर (राजस्थान) के पूर्व विधायक बनवारी लाल ने रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चिट्ठी लिखकर छात्रा भूमिका की मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने की अपील की है। इससे पहले मृत छात्रा के परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर छात्रा की मौत मामले को दबाने और सीसीटीवी कैमरों की सही जांच न कराने के आरोप लगाए थे।
बुधवार की रात को हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज परिजनों ने देखी थी। छात्रा के परिजनों का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज बीच-बीच में कटी हुई है, ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। परिजनों का कहना था कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात को 11.42 बजे भूमिका अपनी रूममेट शांभवी के साथ कमरे में जाती दिखाई दे रही है। इसके करीब एक घंटे के बाद 12.42 बजे शांभवी कमरे से निकलती हुई दिखाई दे रही है। इस दौरान की चार वीडियो क्लिप फुटेज से गायब हैं। ये फुटेज सात मिनट, पांच मिनट, तीन मिनट व दो मिनट की थी। परिजनों का आरोप है कि जिस समय की फुटेज नहीं है, उसी दौरान ही किसी ने मामले को अंजाम दिया हुआ होगा। परिजनों का कहना है कि भूमिका द्वारा आत्महत्या के बारे में जब 1.30 बजे पता चल गया था तो यूनिवर्सिटी की ओर से उनको सुबह 3.30 बजे सूचना क्यों दी गई।
जांच अधिकारी बीरेंद्र का कहना है कि आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। हॉस्टल में मोशन कैमरे लगे हुए हैं, जोकि कोई गतिविधि होने पर ही रिकॉर्डिंग करते हैं।