गुरुग्राम। सेक्टर-93 पुलिस चौकी के अंतर्गत गढ़ी गांव से 29 जून को नौ साल की बच्ची कल्पना बिना बताए कहीं चली गई थी। परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। बच्ची की मां ने पुलिस को दी शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू की।
चाैकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद के नेतृत्व में पुलिस ने बच्ची कल्पना को तलाश करने के लिए घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर बच्ची की तलाश की और लोगों को बच्ची का फोटो दिखाकर खोजबीन की गई। पुलिस ने करीब 40 घंटों में 2 जुलाई को बच्ची सेक्टर-15 क्षेत्र से सकुशल बरामद की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बच्ची को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया।