गुरुग्राम। जालसाज ने एक महिला के मोबाइल में एप डाउनलोड कराकर उसके खाते 96 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में एफआईआर दर्ज की है।
न्यू पालम विहार निवासी कुसुम गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 सितंबर को उसके घर पर इंटरनेट काम नहीं कर रहा था। उसने गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च किया और दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वापस कॉल आने के बारे में बताया गया। इसकी कुछ देर बाद ही एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कुसुम गुप्ता को बताया कि उसका भुगतान सत्यापित नहीं हुआ है। कॉलर ने कुसुम को एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा और एनीडेस्क कैमरा स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद कॉलर ने कुसुम को पेटीएम खोलने व पिन डालने के लिए कहा, लेकिन इंटरनेट चालू नहीं हो पाया। इसकी कुछ देर बाद ही कुसुम गुप्ता के खाते से दो बार में कुल 96 हजार रुपये कट गए। ब्यूरो