जिले में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन: नरबीर सिंह
-कैबिनेट मंत्री नरबीर सिंह ने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कैबिनेट मंत्री नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ रेलवे के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। जिसमें गुरुग्राम में अंतरराष्ट्रीय रेलवे स्टेशन बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। उच्च स्तरीय इस बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुग्राम के धनकोट गांव में दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी हवाई अड्डे की तर्ज पर यह स्टेशन बनाया जाएगा। विकास संबंधी बचे हुए काम अगले डेढ़ बरस में पूरे होंगे। मंत्री भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार देर शाम सेक्टर-4 में ब्राह्मण विकास परिषद् द्वारा सामाजिक समरसता समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में नरबीर सिंह ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प भेंट किए। समारोह में जहां एक ओर भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया, वहीं दूसरी ओर हास्य कवि मंजीत व सौरभ जैन ने अपनी कविताओं के माध्यम से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। समारोह में मंत्री ने गरीब तबके की महिलाओं को सिलाई वितरित की।
उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी भी धर्म, जाति या संप्रदाय के ना होकर हम सभी के सांझे हैं। यह समारोह किसी विशेष समुदाय का ना होकर समाज के सभी वर्गों का है, क्योंकि भगवान परशुराम सभी धर्मों के लिए पूजनीय है। इस अवसर पर सेक्टर-4 के लोगों ने अपनी समस्याएं भी राव नरबीर के समक्ष रखीं और मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। समारोह में राव नरबीर सिंह के अलावा, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जीएल शर्मा, हरियाणा खादी ग्रामोद्योग की चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजय गौड़ समेत अन्य मौजूद थे।
--