द्वारका एक्सप्रेस-वे का निर्माण जल्द होगा शुरू, एनओसी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। लंबे समय से बाधित द्वारका एक्सप्रेस-वे (एनपीआर) का निर्माण अब जल्द ही दोबारा शुरू हो सकेगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इसके लिए एनओसी जारी कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जब चाहे एक्सप्रेस-वे के निर्माण का काम शुरू कर सकता है। वहीं हुडा द्वारा एक्सप्रेस-वे के लिए अधिगृहित की गई 90 फीसदी जमीन भी अतिक्रमण मुक्त करवाई जा चुकी है। जिससे जल्द से जल्द निर्माण पूरा हो सके।
हुडा प्रशासक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि एक अप्रैल से हुडा ने एनपीआर की पूरी जमीन जीएमडीए को स्थानांतरित कर दी थी। जिससे बाद जमीन का मालिका हब जीएमडीए का था। एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अड़चनें आने के कारण इसका काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया था, लेकिन अब निर्माण कार्य में आ रही 90 फीसदी अड़चनें दूर कर ली गई हैं। जिसके चलते जीएमडीए ने एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए एनओसी भी जारी कर दी है। अब एनएचएआई किसी भी समय निर्माण कार्य शुरू कर सकता है। वहीं उन्होंने बताया कि साउदर्न पेरीफेरल रोड (एसपीआर) और सेंट्रल पेरीफेरल रोड (सीपीआर) का काम भी एनएचएआई को सौंप दिया गया है। एक्सप्रेस-वे को आपस में जोड़ने के लिए बनाए जानी वाली इन सड़कों का निर्माण भी अब एनएचएआई द्वारा ही किया जाना है।
-------