गुरुग्राम व मानेसर नगर निगम में 6 लोग पार्षद पद के लिए हुए मनोनीत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सरकार ने नगर निगमों और नगर पालिकाओं में मनोनीत (नॉमिनेटेड) पार्षदों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन पदों के लिए अपने उम्मीदवारों को नामित किया है, जो अब निर्वाचित पार्षदों की तरह ही अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों में भागीदारी कर सकेंगे।
गुरुग्राम नगर निगम के लिए तीन मनोनीत पार्षदों के नाम जारी किए गए हैं। इनमें सचिन देवतवल, विक्रांत यादव और कृष्ण स्वामी का नाम शामिल है। वहीं, मानेसर नगर निगम के लिए भी तीन मनोनीत पार्षद बनाए गए हैं। इनमें सतदेव शर्मा, किरोड़ी तंवर और शेर सिंह का नाम शामिल है। यह नियुक्तियां नगर निगमों में विभिन्न समुदायों और वर्गों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई हैं।
पटौदी से तीन लोग मनोनीत
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगरपरिषद पटौदी जाटौली मंड़ी के तीन पार्षद मनोनीत करने की अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र के लोगों ने तीनों मनोनीत पार्षदों को मुबारकबाद दी।बता दे कि नगरपरिषद पटौदी जाटौली मंडी के अभी हाल ही चुनाव हुए थे जिसमें कुल 22 पार्षद चुने गए थे वहीं सरकार द्वारा मनोनीत तीन पार्षदों की जारी की अधिसूचना से लोगों में खुशी का माहोल हैं। सरकार द्वारा तीन पार्षद मनोनित किए गए जिनमें परिषद के गांव खानपुर के पूर्व सरपंच पवन कुमार,पटौदी के पूर्व वाइस चेयरमैन जर्मन सैनी तथा हेलीमंड़ी निवासी पूजा गर्ग बनाए गए है। वहीं अब नगरपरिषद पटौदी जाटौली मंडी में मनोनीत पार्षद मिलाकर कुल 25 पार्षद हो गए हैं।