एसटीएफ और पुलिस के निशाने पर कई गैंगस्टर, विदेशों से करा रहे आपराधिक वारदातें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा पुलिस ने वर्ष 2025 के अगस्त के पहले सप्ताह तक गैंगस्टरों से जुड़े 55 जबरन वसूली के मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा के विभिन्न जिलों से 225 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2024 में हरियाणा में गैंगस्टरों से जुड़े कुल 99 जबरन वसूली के मामले दर्ज किए गए थे और पुलिस ने 310 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया था। हरियाणा एसटीएफ ने फर्जी दस्तावेजों से बनाए गए 90 पासपोर्ट भी बरामद किए हैं और ऐसे 28 मामले दर्ज किए हैं।
भोंडसी स्थित हरियाणा एसटीएफ कार्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए आईजी सतीश बालन ने बताया कि वर्ष 2025 में जबरन वसूली की कॉल की संख्या में कमी आई है और बीते वर्ष की तुलना में ज्यादा गिरफ्तारी हुई हैं। इस साल विभिन्न संगठित गिरोह से जुड़े 125 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
2018 से अब तक आठ गैंगस्टरों को कराया डिपोर्ट
एसटीएफ हरियाणा के अनुसार वर्ष 2018 से अब तक आठ अपराधियों को अलग-अलग देशों से भारत में डिपोर्ट कराया का चुका है। कौशल चौधरी, जोगेंद्र ग्योंग, काला खैरमपुरिया, राजू बसौदी, विकास लांगरपुिया व रोहित को डिपोर्ट कराया था। वहीं, अब कंबोडिया से मैनपाल बादली को डिपोर्ट कराया गया है। एसटीएफ हरियाणा की लिस्ट में कई गैंगस्टर हैं। इनमें लारेंस बिश्नोई, नीरज फरीदपुरिया, हिमांशु भाऊ, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, नीरज फरीदपुरिया, साहिल, नवीन, दीपक नांदल, राव इंद्रजीत यादव और सुनील सरधानिया के नाम शामिल हैं। ये सभी गैंगस्टर अलग-अलग देशों में रहकर भारत में आपराधिक वारदातें करा रहे हैं। दीपक नांदल, राव इंद्रजीत यादव और सुनील सरधानिया के नाम के गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और रोहित शौकीन हत्या मामले में सामने आ चुके हैं।