गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ चुका है। शनिवार को गुरुग्राम में 523 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई तो एक मरीज की मौत भी हुई। इसी के साथ जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 225 पर पहुंच गया है। गुरुग्राम में जिस तेजी के साथ कोरोना फिर से बढ़ने लगा है, उसको देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि आगामी दिनों में एक दिन में आने वाले नए मरीजों की संख्या 1000 के आंकड़े को भी पार कर सकती है। शनिवार को 451 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया।
इसी के साथ अब तक जिले में संक्रमण की चपेट में आने वाले कुल मरीजों की संख्या 33778 तक पहुंच गई है, जिसमें से 28920 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। अब जिले में 4562 मरीज उपचाराधीन हैं, जिसमें से 4261 संक्रमित होम आइसोलेट हैं जबकि 301 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। खास बात यह है कि मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही निजी अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। कोविड हेल्थ सेंटर बनाए गए निजी अस्पतालों में 271 मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि कोविड केयर सेंटर में 8 मरीज भर्ती हैं। वहीं, 22 मरीजों का कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कोरोना काल में अब तक 4955 यात्री विदेश से जिले में लौट चुके हैं।
जांच का दायरा बढ़ा
हालांकि, जिस तेजी से संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है, उसी के अनुपात अब जांच की गति भी बढ़ गई है। पिछले सप्ताह भर से भी ज्यादा समय से रोज मिलने वाले मरीजों की संख्या 400 से ज्यादा रहती है और अब रोज 3500 से ज्यादा जांच की जा रही हैं। शनिवार को जिले में 3722 लोगों की कोविड-19 जांच की गई, जिसमें से 2912 की आरटी-पीसीआर व 810 की रैपिड एंटीजन किट के जरिये जांच की गई। खासकर रैपिड एंटीजन किट के जरिये की जाने वाली जांच काफी बढ़ गई है। अब तक जिले में 3,78,414 लोगों की कोविड जांच की जा चुकी है, जिसमें से 30,914 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।