डीओ ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने के दिए टिप्स
विद्यार्थियों को तनावमुक्त पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित
जिले के कई स्कूल में जाकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। परीक्षा को छात्र हौवा न समझें और इसे लेकर तनाव में न आएं, इसको लेकर शिक्षा विभाग भी गंभीर है। इसी के तहत जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश शास्त्री ने शनिवार को जिले के कई विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान हरियाणा बोर्ड की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को ऐसे टिप्स दिए, जिससे वह परीक्षा की तैयारी आसान तरीके से कर सकेंगे।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से शैक्षणिक पर्यवेक्षण के तहत जिले के सभी माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में अभियान चलाया जा रहा है। निदेशालय ने परीक्षा को नकल मुक्त कराने के लिए यह पहल शुरू की है। इसके लिए डीओ, डायट, एसीईआरटी को भी विभाग ने निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत जिला शिक्षा अधिकारी ने सेक्टर-4/7 विद्यालय में परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश शास्त्री ने बताया कि विद्यार्थी परीक्षा को लेकर भयभीत न हों इसलिए बोर्ड की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को बोझ न मानकर स्वस्थ प्रतियोगिता मानकर उतरना चाहिए। वहीं डायट के विषय विशेषज्ञ जितेंद्र यादव ने बादशाहपुर स्थित वरिष्ठ माध्यमिक बालिका विद्यालय में परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी कैसे करें। महत्वपूर्ण प्रश्नों की तैयारी कैसे करें। महत्वपूर्ण और अनिवार्य प्रश्नों को महत्व दें। लिखने का अभ्यास जरूरी है। परीक्षा नोट्स को बनाने तथा इसके फायदे समझाए। इसके साथ ही डायट की शील कुमारी, प्रीति अग्रवाल, अश्विनी शर्मा, सविता, सोना यादव आदि विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।