सेक्टर-10 डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम अंतिम चरण में। फोटो- संवाद
सेक्टर-10 डिपो में चार्जिंग स्टेशन अंतिम चरण में, एक साथ चार्ज हो सकेंगी 36 ई-बसें
नंबर गेम - 12 चार्जिंग पॉइंट जल्द होंगे शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जीएमसीबीएल बस डिपो के परिसर में चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम अंतिम चरण में है। यहां पर कुल 18 पॉइंट बनाए जा रहे हैं, जिसमें एक साथ 32 इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) को चार्ज किया जा सकेगा। डिपो में छह चार्जिंग पॉइंट बनकर तैयार करके टीनशेड डाली जा चुकी है। वहीं, 12 चार्जिंग पॉइंट जल्द तैयार किए जाएंगे। ई-बस का ट्रायल सफल होने के बाद आगामी एक सप्ताह में ई-बसें आनी शुरू होंगी। अक्तूबर माह के अंत तक 40 ई-बसें मिल जाएंगी।
पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के सेक्टर-10 डिपो को कुल 105 ई-बस मिलेंगी। ये नई बसें नौ मीटर लंबी हैं व 25 सवारियों को बैठाने की क्षमता है। जीएमसीबीएल के बस डिपो में पांच एमवीए क्षमता के बिजली कनेक्शन की केबल सेक्टर-9 के बिजली स्टेशन से बस डिपो तक करीब तीन साल पहले ही बिछाई जा चुकी थी। यहां पर 11 केवी के तीन कम्पेक्ट सब स्टेशन भी लगाए जा चुके थे। वहीं, ई-बसों की धुलाई के लिए भी डिपो में व्यवस्था की गई है।
जीएमसीबीएल डिपो में अक्तूबर माह के अंत तक 40 ई-बसें आने के बाद कई रूटों पर संचालन शुरू करा दिया जाएगा। चार्जिंग स्टेशन को आगामी एक सप्ताह में तैयार करवा दिया जाएगा, ताकि बसों के चार्जिंग करने में कोई परेशानी न हो। - विश्वजीत चौधरी, सीईओ, जीएमसीबीएल