गुरुग्राम। ठगों ने कंपनी निदेशक के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर 22.40 लाख रुपये ठग लिए। इस संबंध में कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी ने 4 फरवरी को थाना साइबर सेल में मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर-38 स्थित प्रगति ग्रुप के मुख्य वित्तीय अधिकारी पंकज सूद ने शिकायत में कहा है कि निदेशक शुभेंद्र मित्तल के नाम से किसी ने फर्जी ईमेल आईडी बना ली। इसके माध्यम से 19 जनवरी 2022 से लेकर 21 जनवरी 2022 तक पांच बार लोगों को मेल भेजे। इसमें लोगों से पैसा देने के लिए कहा गया था। साथ ही खाता संख्या और इससे संबंधित बैंक का अन्य विवरण भी भेजा गया। लोगों ने विश्वास कर लिया कि यह ईमेल कंपनी के निदेशक ने ही भेजे होंगे। बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर कर दिया। पांच बार में क्रमश: 4.80 लाख, 4.70 लाख, 4.70 लाख, 3.90 लाख और 4.30 लाख रुपये बैंक खातों में भेजे गए। जिन लोगों ने पैसा भेजा था बाद में जब उनकी मुलाकात मित्तल से हुई तो ठगी का खुलासा हुआ।