गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 17 से 22 नवंबर तक आयुष्मान भारत-चिरायु सर्जिकल कैंप सप्ताह आयोजित किया जा रहा। बुधवार को कैंप के तीसरे दिन नागरिक अस्पताल, सेक्टर-10 में आयुष्मान चिरायु योजना के तहत 83 मरीजों ने आयुष्मान पोर्टल पर पंजीकरण दर्ज करवाया। वहीं, 17 की सर्जरी हुई।
नागरिक अस्पताल में कुल 25 मरीजों की सर्जरी हुई, जिसमें से 17 आयुष्मान मरीजों की सर्जरी की गई। इस योजना के तहत अपेंडिक्स, पित्त की थैली, मोतियाबिंद, हड्डी, स्त्री रोग जैसे अन्य सामान्य सर्जरी की सेवाएं दी जा रही हैं। यह अभियान पूरे राज्य में एक साथ चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक मरीज स्वास्थ्य सेवा का लाभ ले सकें। इस कैंप में मरीजों के घुटने, हिप, हार्निया ईएनटी समेत अन्य बीमारियों की सर्जरी की जा रही है। सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से गरीब वर्ग को राहत मिली है। निजी अस्पतालों में जहां इन ऑपरेशनों पर लगभग 30 से 50 हजार रुपये तक खर्च आता है। वहीं आयुष्मान के तहत यह सभी उपचार निशुल्क किए जा रहे हैं। आयुष्मान याेजना से जुड़े लाभार्थी 22 नवंबर तक अस्पताल में निशुल्क उपचार और आवश्यक सर्जरी का लाभ उठा सकते है। संवाद