गुरुग्राम। शहर के हंस एन्क्लेव निवासी से इंदौर के एक मेडिकल कॉलेज मेें दाखिले के नाम पर 15 लाख रुपये ठग लिए। दो साल के इंतजार के बाद भी जब दाखिला नहीं हुआ और आरोपियों ने रुपये भी नहीं लौटाए तो सीएम विंडो पर शिकायत की। मामले में शुक्रवार को सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हंस एन्क्लेव के जयपाल सिंह ने बताया कि दो साल पहले बेटा विकास ने इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में आवेदन किया था।
इसके बाद उन्होंने भोपाल के विश्वजीत कुमार व रोहित भदौरिया से संपर्क किया। इन दोनों ने खुद को मेडिकल कॉलेज का स्टाफ बताया। 15 लाख रुपये की मांग कर विकास का दाखिला पक्का कराने की बात कही। जयपाल ने आरोपियों को रुपये दे दिए। इसके बाद जब मेरिट लिस्ट में बेटे का नाम नहीं आया तो उन्होंने आरोपियों को फोन किया। इस पर वह टालमटोल करते रहे। हारकर जयपाल ने सीएम विंडो पर शिकायत की। सीएम विंडो से नाहरपुर पुलिस चौकी के लिए जांच के आदेश हुए। मामले मेें चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।