सोमवार को डीटीपी प्रवर्तन सोसाइटी पहुंचे
फ्लैट मालिकों ने फ्लैट खाली करने के लिए समय मांगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित चिंटेल्स पैराडाइसो सोसाइटी की रहने के लिए असुरक्षित की गई ई और एफ टावर के लिए गतिरोध अब समाप्त होता नजर आ रहा है। इन दोनों टावरों में रह रहे 15 परिवारों में से 13 परिवार बिल्डर से पैसा लेकर फ्लैट छोड़ने को तैयार हैं। सोमवार को डीटीपी प्रवर्तन सोसाइटी पहुंचे तो फ्लैट मालिकों ने उन्हें दूसरी जगह घर देखने के लिए समय देने की मांग की।
बिल्डर की ओर से पिछले दिनों प्रशासन के समक्ष दो विकल्प रखे गए थे। पहले विकल्प में पैसा वापस देने की बात थी। दूसरे विकल्प में फ्लैट फिर से बना कर देने की बात कही थी। इसमें एक हजार रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर से अलग से पैसा देने को कहा था। ई और एफ टावर के बचे हुए फ्लैट मालिक पहले विकल्प के साथ हैं।
सोसाइटी की रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष राकेश हुड्डा कहते हैं कि अधिकांश फ्लैट मालिक पैसा वापसी के पहले विकल्प के साथ गए हैंं। एक मुश्त समाधान चाहते हैं। इस तरह कह सकते हैं कि इन दोनों टावरों के संबंध में अब कोई गतिरोध वाली स्थिति नहीं है। यह फ्लैट मालिक चाहते हैं कि इनको फ्लैट खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए जिससे यह दूसरी जगह अपने मुताबिक घर देख सकें। वहां पर शिफ्टिंग कर सकें।
पांच टावरों के 300 से ज्यादा परिवारों को सुरक्षा रिपोर्ट का इंतजार
गुरुग्राम। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष राकेश हुड्डा कहते हैं कि सोसाइटी की अन्य टावर ए, बी, सी, जी और एच की सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इन टावरों में करीब 300 से ज्यादा परिवार रहते हैं। इन टावरों की रिपोर्ट नहीं आने से इनकी भी सुरक्षा संबंधी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रशासन की ओर से मई के अंत तक रिपोर्ट आने की बात कही थी, लेकिन मई गुजरने को है और रिपोर्ट नहीं आई है। इसके चलते फ्लैट मालिक अपना रुख तय नहीं कर पा रहे हैं।