गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र में एक युवक से लोन दिलाने के नाम पर एक लाख 10 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने रुपये भी ले लिए और लोन भी नहीं दिलाया। इसके बाद मोबाइल भी बंद कर लिया। पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई तो उसने मानेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस नंबर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, विजय गिरी नाहरपुर मानेसर में रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने लोन के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था। 21 दिसंबर 2020 को उनके पास एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया था और उसने व्हाट्सएप पर अपने दस्तावेज भेजने को कहा था। उन्होंने अपने दस्तावेज भेज दिए थे। उसने लोन को मंजूरी दिलाने के लिए 1.10 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने कई बार कॉल किया, लेकिन आरोपी ने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद मोबाइल भी बंद कर लिया। पीड़ित ने तीन मोबाइल नंबर और खाते की संख्या के आधार पर थाने में शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
----------------------