12 दिसंबर को पिस्टल दिखाकर एक शख्स से 50 हजार रुपये की हुई थी लूट
एक पिस्टल, दो कारतूस और लूटी गई रकम में से 14 हजार रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गोकुलपुरी में पिस्टल दिखाकर लूटपाट करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. फैजल (24) और मनीष (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 14 हजार रुपये नकद, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 12 दिसंबर को गोकुलपुरी थाना पुलिस को पिस्टल दिखाकर लूटपाट करने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पुलिस को शिकायतकर्ता पंकज शर्मा मिले। उन्होंने पुलिस को बताया कि गोकुलपुरी फ्लाईओवर के पास तीन लोगों ने पिस्टल दिखाकर उनसे 50 हजार रुपये लूट लिए हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।