राजेंद्रा पार्क थाना एरिया में एक छात्रा को घर के आगे से अगवा कर दुष्कर्म को अंजाम दिया गया। पुलिस के सामने मामला आने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार है।
जानकारी के मुताबिक राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता रविवार को अपने घर के आगे खड़ी थी। छात्रा को अकेला पाकर आरोपी युवक वहां पहुंचा और उसे जबरदस्ती अपनी इंडेवर गाड़ी में डालकर ले गया।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे दौलताबाद गांव के पास सुनसान जगह पर ले गया जहां उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। सोमवार को किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
मेडिकल में हुई दुष्कर्म की पुष्टि
पुलिस ने पीड़िता द्वारा मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। राजेंद्रा पार्क थाना ने आरोपी विनीत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की जान पहचान पीड़िता से पहले से थी। उसी आधार पर वह उसे झांसा देकर ले गया। आरोपी फरार चल रहा है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
चाइल्ड प्रोटेक्शन सेंटर से किशोर लापता
राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र स्थित चाइल्ड प्रोटेक्शन सेंटर से एक किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक , 11 फरवरी को बिलासपुर क्षेत्र से एक 14 वर्षीय किशोर सचिन लावारिस घूमता हुआ मिला था। पुलिस ने तफ्तीश के बाद उसे राजेंद्रा पार्क स्थित चाइल्ड प्रोटेक्शन सेंटर में छोड़ दिया।
पुलिस को सूचना मिली कि 15 फरवरी देरशाम को किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। इस संबंध में पुलिस ने दो टीमों को जांच केे लिए भी गठित कर दिया।