डीएलएफ फेज-तीन निवासी रोहित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि एक सितंबर को उसकी दोस्ती बंबल डेटिंग एप पर साक्षी उर्फ पायल नामक युवती से हुई थी। उसी शाम करीब चार बजे युवती ने फोन कर बताया कि वह दिल्ली में रहती है, फिलहाल गुरुग्राम में अपनी मौसी के पास रह रही है। युवती उससे रात में मिलने के लिए कहने लगी।
इस पर रोहित एक सितंबर की रात करीब 10 बजे युवती को सेक्टर-47 स्थित डॉकयार्ड बार के पास से अपनी गाड़ी में बैठा लिया। घर जाते हुए उन्होंने रास्ते में शराब खरीदी। घर पर आने के बाद युवती के मांगने पर वह रसोई में बर्फ लेने के लिए चला गया। इसके बाद शराब पीते ही रोहित बेहोश हो गया था।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह रसोई में बर्फ लेने के लिए गए था, तभी युवती ने उसके गिलास में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया था। इस वजह से वह तीन सितंबर को होश में आया। पीड़ित ने बताया कि होश में आने के बाद उसे अपना मोबाइल नहीं मिला। घर से सोने की चेन और पर्स में रखे 10 हजार रुपये भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने बैंक की स्टेटमेंट की जांच की तो पता चला कि उनके तीन बैंकों के कार्ड के जरिए 2.80 लाख रुपये भी निकाल लिए गए हैं।