बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव शाहपुर जट्ट में शुक्रवार की देर रात एक युवती ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। परिवार के सदस्य गर्मी की वजह से छत पर सो रहे थे। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिजनों ने बताया कि युवती पिछले साल खुद इंटरमीडिएट में फेल हो गई थी। इस साल छोटी बहन के पास होने के बाद पीड़िता डिप्रेशन में थी।
पुलिस के अनुसार, शाहपुर जट्ट निवासी आरती (19) पुत्री देवीशरण ने पिछले साल क्षेत्र के ही एक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी, लेकिन वह फेल हो गई। इस साल उसने पढ़ाई नहीं की और डिप्रेशन में रहने लगी। इस वर्ष उसकी छोटी बहन इंटरमीडिएट में उत्तीर्ण हो गई। इसके बाद से आरती और अधिक परेशान रहने लगी। परिजनों ने उसे इस दौरान काफी समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अक्सर गुमसुम रहती थी।
शुक्रवार की देर रात को कमरे में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। इस दौरान परिवार के लोग गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। युवती डिप्रेशन में बताई जा रही थी। परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार कर दिया।