गाजियाबाद में उत्तराखंड निवासी 31 वर्षीय महिला को जमीन दिलाने के बहाने वसुंधरा बुलाकर दो लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कराना पड़ा।
पुलिस ने सोमवार को पीड़िता को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां महिला ने अपने बयानों में आपबीती बताई। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य संकलन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इंदिरापुरम थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक महिला का कहना है कि वह उत्तराखंड की रहने वाली है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी आरिफ और मसूरी के डासना निवासी हरसत अली से हुई थी। दोनों ने उसे डासना में एक जमीन दिखाई और उससे मोटा मुनाफा होने का झांसा दिया।
महिला का कहना है कि करीब दो महीने पहले दोनों आरोपियों ने उसे जमीन के संबंध में ही वसुंधरा बुलाया। आरोप हे कि वसुंधरा पहुंचने पर दोनों ने जबरन उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर कहीं शिकायत की तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।