मसूरी के मुगल गार्डन में सद्दाम के मकान में किरायेदार वाहिद पुत्र शौकत मूल निवासी शाहजहांपुर किठौर मेरठ अपनी पत्नी गुलिश्तां के साथ रहते हैं, वाहिद ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 29 जनवरी दोपहर साढ़े 3 बजे उनकी पत्नी गुलिश्तां अपने मकान की छत पर खड़ी थी। तभी पड़ोस में रहने वाले लुकमान ने अपने घर की छत से बन्दरों के ऊपर अपनी लाइसेंसी राइफल से फायर कर दी।
राइफल से चली गोली उसकी पत्नी की दोनों टांगों में लग गई। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। घायल महिला को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। महिला के पति वाहिद ने अपने पड़ोसी लुकमान निवासी मुगल गार्डन मसूरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि घायल महिला के पति वाहिद निवासी मुगल गार्डन मसूरी ने अपने पड़ोस में रहने वाले लुकमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसकी लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली है, अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।