इंदिरापुरम। शिप्रा रिवेरा सोसायटी में बुधवार सुबह लावारिस कुत्तों के झुंड ने एक महिला पर पीछे से हमला करके बुरी तरह घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और कुत्तों से किसी तरह महिला हो बचाया। निवासी आनन-फानन घायल महिला को नोएडा के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिशिर कानूनगो ने बताया कि सोसायटी में सुबह करीब सात सोसायटी निवासी कीर्ति चौबे पार्क में खेल रहे बेटे को लेने के लिए घर से निकलीं थी। घर से कुछ दूर जाने पर ही लावारिस कुत्तों के झुंड ने उन पर पीछे से हमला बोल दिया। जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक कुत्तों ने उनको बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीड़िता का चीख सुनकर आसपास के लोग घरों से निकलकर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को किसी तरह भगाकर उनको बचाया। निवासी आनन-फानन उनको घायल अवस्था में पास के निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन चोट गहरी थी और मांस भी हट चुका था तो चिकित्सकों ने बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद निवासी और परिजन उनको नोएडा के एक बड़े अस्पताल में लेकर गए। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। हालांकि करीब 12 घंटे बाद उनकी तबीयत में सुधार बताया गया है।
निवासियों में कुत्तों से है दहशत
घटना के बाद से लोग भी दहशत में हैं और इससे पूर्व भी कई निवासियों काे कुत्ते काट चुके हैं। महिलाओं और बच्चे डर की वजह से घर के बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि कई बार कुत्ते डिलीवरी एजेंट को भी दौड़ाते हैं, ऐसे में डिलीवरी एजेंट भी अब सोसायटी में आने से बचते हैं। इसके लिए नगर निगम में कई बार शिकायत की जा चुकी है।
-
शिकायत के बाद सोसायटी में नगर निगम की टीम ने पहुंचकर दो लावारिस कुत्तों को पकड़कर ले गई है। दोनों कुत्तों का टीकाकरण भी कराया गया है। -डॉ. अनुज कुमार सिंह, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी।