कांवड़ यात्रा के दौरान पल-पल की जानकारी और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए एसडीएम अतुल कुमार ने व्हाटसएप से हर विभाग के अधिकारी को जोड़ा है। डीएम, एसएसपी और सीएमओ से लेकर व्यवस्था में जुटे सिपाही तक इस ग्रुप में शामिल हैं। मीडिया कर्मियों को ग्रुप में जोड़कर एसडीएम लगातार संपर्क साधे हुए हैं।
कांवड़ यात्रा में जुटे विभागों के अधिकारियों को व्हाट्सएप के जरिए एक ग्रुप में एसडीएम अतुल कुमार ने जोड़ा है। ग्रुप में नगर पालिका परिषद, निवाड़ी, भोजपुर, मुरादनगर और मोदीनगर पुलिस के अलावा खाद्य निरीक्षक, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया कर्मी समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
सोमवार को दिनभर ग्रुप पर अलग-अलग जगह पर कटों को बंद करने के मैसेज चलते रहे और इसी का परिणाम रहा कि देर शाम तक व्यवस्था के मुताबिक कटों को बंद कर दिया गया। कैंपों में बनाए गए शौचालयों के निरीक्षण का एसडीएम अतुल कुमार की ओर से मैसेज चलते ही नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने तत्काल व्यवस्था के फोटो और जानकारी ग्रुप पर डालनी शुरू कर दी।
एसडीएम अतुल कुमार का कहना है कि इस ग्रुप के जरिए हर जानकारी से हर व्यक्ति अपडेट होगा और व्यवस्था बनी रहेगी। सीओ राजेश सिंह, ईओ आरके प्रसाद, कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने इस पहल की सराहना की है।