गढ़मुक्तेश्वर। गांव दौताई के निकट मध्य गंग नहर पुल की मरम्मत के चलते गढ़-मेरठ मार्ग पर वाहनों का रूट डायवर्जन चल रहा है। इस कारण भारी वाहनों को बक्सर से होते हुए लोधीपुर रोड से मेरठ के लिए निकाला जा रहा है। सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन के चलते शुक्रवार को गांव बक्सर में साप्ताहिक बाजार नहीं लग सका। इससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव बक्सर में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। जो सर्विस रोड समेत ढाना-लोधीपुर मार्ग पर लगाया जाता है। इसमें दूर-दराज के छोटे व्यापारी आकर अस्थाई दुकान लगाते हैं, वहीं बक्सर, सिंभावली, ढाना, नवादा समेत आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीण पहुंचकर खरीदारी करते हैं। लेकिन दौताई मध्य गंग नहर पुल की मरम्मत कार्य के चलते भारी वाहनों को बक्सर-लोधीपुर मार्ग से मेरठ की तरफ भेजा जा रहा है। जिसे लेकर सुरक्षा की दृष्टि से साप्ताहिक बाजार नहीं लग सका। साप्ताहिक बाजार नहीं लगने से गढ़, कुचेसर, स्याना, गजरौला समेत अन्य स्थानों से व्यापार करने के लिए आए व्यापारियों को काफी परेशानी हुई। व्यापारी बिना दुकान लगाए वापस लौट गए। वहीं बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी निराशा हाथ लगी। इस संबंध में सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि साप्ताहिक बाजार में भारी वाहन निकलने से भीड़ के चलते हादसा हो सकता है। जिसके चलते अस्थाई दुकानों को नहीं लगने दिया गया है। रूट डायवर्जन समाप्त होने के बाद व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।