गाजियाबाद। एकेटीयू से संबद्ध सूबे के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कालेजों में प्रवेश के लिए यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा-2017 (यूपीएसईई) की काउंसलिंग सोमवार से शुरू होगी। एसईई ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया पांच चरणों में 19 जून से पांच अगस्त तक चलेगी।
फिर कालेजों में बची हुई सीटों के लिए स्पॉट काउंसलिंग आयोजित होगी। ऑनलाइन काउंसलिंग यूपीएसईई वेबसाइट upsee.nic.in पर होगी। पहले दिन एसईई में उत्तीर्ण कोई भी विद्यार्थी काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेगा, लेकिन छात्र-छात्राओं को सीट आवंटन मेरिट के आधार पर ही किया जाएगा।
छात्र-छात्राओं को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बाद अपने शैक्षिक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फिर उन्हें च्वॉइस फिलिंग का मौका मिलेगा। एसईई प्रवेश समन्वयक प्रो. कुलदीप सहाय ने बताया कि विद्यार्थियों को सबसे पहले यूपीएसईई की वेबसाइट पर अपने पूर्व में जारी हुए आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा, जिसके बाद चेंज पासवर्ड का विकल्प आएगा।
अनिवार्य रूप से पासवर्ड बदलने के बाद अपना रजिस्ट्रेशन कराकर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। फिर मांगे गए सभी शैक्षिक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद विवि द्वारा निर्धारित तिथि पर च्वाइस फिलिंग करनी होगी। प्रत्येक चरण में विद्यार्थियों को यही प्रक्रिया अपनानी होगी।
नियमित देखते रहें यूपीएसईई वेबसाइट
काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने वाले विद्यार्थीं व उनके परिजन नियमित रूप से यूपीएसईई की वेबसाइट upsee.nic.in देखते रहें। काउंसलिंग की सभी जानकारी वेबसाइट के जरिए ही प्राप्त होगी। रजिस्ट्रेशन के बाद सामान्य व ओबीसी विद्यार्थियों को 20 हजार, जबकि एससी-एसटी विद्यार्थियों को 12 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क डेबिट, क्रेडिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग से जमा कर सकेंगे।
सभी चरण की काउंसलिंग एक नजर में
पहला चरण: पहले चरण में 19 से 24 जून तक रजिस्ट्रेशन, पेमेंट और डाक्युमेंट अपलोड करने होंगे। फिर 20 से 25 जून तक विवि द्वारा डाक्युमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया, 20 से 26 जून तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग प्रक्रिया और 29 जून को सीट एलाटमेंट का परिणाम वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगा।
दूसरा चरण: दूसरे चरण में तीन से पांच जुलाई तक रजिस्ट्रेशन, पेमेंट, डाक्युमेंट अपलोड प्रक्रिया, तीन से छह जुलाई तक विवि द्वारा डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन, तीन से सात जुलाई तक ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग और नौ जुलाई को विवि द्वारा सीट आवंटन रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगा।
तीसरा चरण: तीसरे चरण में 11 से 13 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन, पेमेंट, डाक्युमेंट अपलोड प्रक्रिया, 11 से 14 जुलाई तक विवि द्वारा डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन, 11 से 15 जुलाई तक ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग और 16 जुलाई को विवि द्वारा सीट आवंटन का परिणाम जारी किया जाएगा।
चौथा चरण: चौथे चरण में 19 से 21 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन, पेमेंट, डाक्यूमेंट अपलोड प्रक्रिया, 19 से 22 जुलाई तक विवि द्वारा डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन, 19 से 23 जुलाई तक ऑनलाइन च्वॉइस फिलिंग और 24 जुलाई को विवि की ओर से सीट आवंटन का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
पांचवां चरण: पांचवे चरण में 31 जुलाई को रजिस्ट्रेशन, पेमेंट, डाक्यूमेंट अपलोड प्रक्रिया, 31 जुलाई तक विवि द्वारा डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन, 31 जुलाई से 01 अगस्त तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग और दो अगस्त को विवि द्वारा सीट आवंटन की घोषणा होगी।