सुबह से ही कचहरी के बाहर जमे लोग, हंगामा
ओवैसी पर हमले के दोनों आरोपियों की शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के लिए लाया जाना था। इस सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कुछ अधिवक्ताओं को भी अंदर जाने से रोक दिया। इस पर अधिवक्ता बिफर गए और हंगामा कर दिया। पुलिस ने लोगों को कचहरी परिसर से बाहर करते हुए गेट बंद कर दिया। केवल अधिवक्ताओं और जरूरी वादों से संबंधित पेशी पर लाए गए अभियुक्तों को ही अंदर जाने दिया गया। दोपहर होते होते काफी संख्या में भीड़ एकत्र होने के कारण कचहरी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जुटाए साक्ष्य
छिजारसी टोल प्लाजा पर शुक्रवार को विधि विज्ञान प्रयोगशाला निवाड़ी गाजियाबाद के संयुक्त निदेशक डॉ. सुधीर कुमार विशेषज्ञ टीम के साथ पहुंचे। संयुक्त निदेशक की जांच टीम में विशेषज्ञ जांच अधिकारियों (एफएसएल) के अलावा गाजियाबाद और हापुड़ जनपद की फॉरेंसिक टीम के अधिकारी भी शामिल रहे। टीम ने घटनास्थल पर पहुंच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के ओवैसी की गाड़ी के खड़े होने की दूरी को नापा और छिजारसी पुलिस चौकी की कार पर गोली चलाने का डैमो किया। संयुक्त निदेशक ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए गए। जिस गाड़ी पर आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई, उस कार का भी निरीक्षण किया गया।
ओवैसी पर हमले का बाद गढ़ में बढ़ाई सख्ती, शनिवार को जनसभा
छिजारसी टोल पर बृहस्पतिवार को ओवैसी पर हमले के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। गढ़ में भी शनिवार को ओवैसी की जनसभा है, इसको लेकर भी पुलिस सतर्क हो गई है। शुक्र्तवार को पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। बिना चेकिंग के वाहनों को आगे जाने नहीं दिया गया। सीओ पवन कुमार ने बताया कि ब्रजघाट चेक पोस्ट, स्याना चौपला चेक पोस्ट, बहादुरगढ़ में बुलंदशहर बॉर्डर चेक पोस्ट और नानपुर में पुलिस चौकी की तरफ आने वाले 200 से अधिक वाहनों की चेकिंग की।
एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने बहादुरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह और सुरक्षा बलों के साथ बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर, चांदनेर, पलवाड़ा, पसवाड़ा समेत कई संवेदनशील गांवों में पैदल मार्च किया। एसडीएम ने कहा कि किसी भी दबाव, डर और प्रलोभन के बिना प्रत्येक व्यक्ति निडर होकर मतदान करें। पुलिस और प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए तैयार हैं।