मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही मैंने अपना बंगला बनाने के बजाए गरीबों को मकान दिए। यह हमने किसी पर एहसान नहीं किया बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी और जवाबदेही थी। पूर्व की सरकार में इत्र वाले मित्र के घर पैसा जमा किया जाता था और फिर जनता के इसी पैसे से खानदान को यूरोप का टूर कराया जाता था।
राशन की डबल डोज दी, अब मतदाताओं की बारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कोविड महामारी के दौरान गरीब व बेरोजगार हुए लोगों को फ्री में राशन की डबल डोज दी। अब इन्हीं लोगों को 10 फरवरी को मतदान करते हुए विपक्ष को वोट से डबल डोज देने की जरूरत है। जिससे सरकार फिर से पूरे दमखम के साथ आए और दंगाइयों के फोटो फिर से चौराहों पर लगाए जाएं और प्रदेश को विकास की राह पर आगे ले जाया जा सके।
टिकट कटने के बाद पहली बार मंच पर पहुंची विमला
सिकंदराबाद विधानसभा से लगातार दो बार विधायक रहीं विमला सोलंकी का इस बार टिकट काट दिया गया। बुधवार को वह पहली बार चुनाव प्रचार के मंच पर पहुंचीं। इस दौरान वह भावुक नजर आईं। तो वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनकी तारीफ करते हुए उन्हें साधने और नए प्रत्याशी को आशीर्वाद देने का आह्वान किया। कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य की भूमिका समय-समय पर बदलती रहती है।
सपा के मंत्री रहे नरेंद्र भाटी बोले पांच जिलों से होती थी आधी भर्ती
सपा सरकार में मंत्री रहे एमएलसी नरेंद्र भाटी ने मंच से सपा पर सीधा हमला बोला। भाजपा ज्वाइन करने के बाद पहली बार उन्होंने सपा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार के दौरान कुछ जिलों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार होती थीं। सिपाही भर्ती के दौरान केवल पांच जिलों से ही आधी भर्ती की गई, जबकि आधी भर्ती के लिए शेष 70 जिलों से युवा चिन्हित किए गए थे। जबकि भाजपा सरकार ने इसे बंद किया और निष्पक्षता से युवाओं को नौकरीं दीं।
यह लोग रहे मौजूद -
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया, संचालन रमेश चंद जैन ने किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, गौतमबुद्धनगर सांसद डा. महेश शर्मा, जिपं अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया, जिला प्रभारी सुनीता दयाल, वीरेंद्र लौर, नरेंद्र भाटी, लक्ष्मीराज सिंह, हरेंद्र पवार, धर्मेंद्र तेवतिया, सुंदर पाल तेवतिया, सुरेंद्र प्रधान, विनोद त्यागी, हरेंद्र पवार मौजूद रहे।