एटीएस मेरठ ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने वाले हापुड़ निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय दूतावास मॉस्को, रूस में नियुक्त कर्मचारी है, जो मूल रूप से जनपद हापुड़ के गांव श्यामपुर का निवासी है।
एटीएस उत्तर प्रदेश ने जारी प्रेस नोट में कहा है कि गोपनीय स्रोतों से पिछले कुछ दिनों से सूचनाएं प्राप्त हो रही थी कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैडलरों द्वारा विदेश मंत्रालय भारत सरकार के कर्मचारियों को बहला फुसलाकर एवं धन का लालच देकर भारतीय सेना से सम्बंधित भारत की सामरिक व गोपनीय सूचनाएं प्राप्त की जा रही थी।
एटीएस द्वारा पिछले कुछ दिनों से इलेक्ट्रानिक एवं सर्विलांस के माध्यम से सतेंद्र सिवाल पुत्र जयवीर सिंह निवासी ग्राम शाहमहीउद्दीनपुर उर्फ श्यामपुर, थाना- हापुड़ देहात की निगरानी की जा रही थी। आरोपी वर्तमान में मास्को, रूस स्थित भारतीय दूतावास में कार्यरत है। फिलहाल वह छुट्टी पर घर आया हुआ था।
एटीएस के अधिकारियों के अनुसार शनिवार को सतेंद्र को मेरठ कार्यालय पूछताछ के लिए बुलाया गया था। लेकिन पूछताछ में वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। उसने देश की खुफिया जानकारी हैंडलर को देने की बात स्वीकार की है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सतेन्द्र वर्ष-2021 से मास्को, रूस स्थित भारतीय दूतावास में आईबीएसए (इंडिया बेसड सिक्योरिटी असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत है। इस मामले में थाना-एटीएस, लखनऊ पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पहचान पत्र व 600 रुपये बरामद किए गए हैं।