दिल्ली, नोएडा, टीएचए की तरफ से रोजाना गाजियाबाद आने-जाने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। जीडीए हिंडन बंधा रोड के पास निर्माणाधीन अंडरपास का तोहफा नए साल पर लोगों को देगा। इसके चालू होने पर ट्रैफिक वनवे हो जाएगा और लोग टीएचए से गाजियाबाद मिनटों में पहुंचेंगे।
पिछले करीब एक साल से रेलवे अंडरपास का निर्माण कर रहा है। इस अंडरपास के ऊपर रेल की दो लाइनें गुजर रही हैं। दोनों रेल लाइनों के नीचे अंडरपास का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब अंडरपास को चालू होने के लिए एप्रोच रोड का इंतजार है लेकिन हिंडन बंधा रोड पर एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है।
इस रोड के पास ही एप्रोच रोड बननी है, इसलिए इस समय एप्रोच रोड तैयार करना संभव नहीं है। जीडीए के अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन ने बताया कि हिंडन बंधा रोड पर जीटी रोड से रेलवे लाइन तक एलिवेटेड रोड के निर्माण को पूरा करने की तिथि 31 दिसंबर घोषित है लेकिन 25 दिसंबर के पहले ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
हिंडन बंधा रोड पर उक्त दूरी में 14 स्पैन लगने हैं, तीन लग चुके हैं। एक स्पैन को लगाने में तीन दिन का समय लगता है। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड रेलवे लाइन के बाद कच्चे रास्ते में उतरती है। कच्चे रास्ते में इसके निर्माण कार्य के दौरान आसपास के ट्रैफिक को रोकने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।
25 दिसंबर के बाद जीडीए का मुख्य फोकस अंडरपास पर होगा। अंडरपास का काम लगभग पूरा हो चुका है। अंडरपास को जीटी रोड से जोड़ने के लिए एक सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क बनाने में हफ्ते भर का समय लगेगा। सड़क बनते ही जनवरी के पहले सप्ताह में अंडरपास को चालू कर दिया जाएगा।
वन वे होगा ट्रैफिक, फर्राटा भरेंगे वाहनअंडरपास बनने के बाद टीएचए की तरफ से जीटी रोड आने-जाने के दो रास्ते होंगे। जीटी रोड से टीएचए की तरफ जाने के लिए हिंडन बंधा रोड होगी। टीएचए की तरफ से जीटी रोड जाने वाला ट्रैफिक अंडरपास से गुजरेगा।
वहीं, 25 दिसंबर के बाद हिंडन बंधा रोड पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के चलते लगाए गए बैरिकेड हटा लिए जाएंगे, इससे यह रोड 6 मीटर और चौड़ी हो जाएगी। नए साल से इस रास्ते वाहन खूब फर्राटा भरेंगे।