लोनी। ट्रेन में बैठकर सफर कर रहीं दो महिलाओं को जहर खुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीली चाय पिलाकर कान के कुंडल, नकदी और मोबाइल ले लिए। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। होश में आने पर दोनों महिलाओं को घटना के बारे में पता चला। मामले की शिकायत पुलिस से की है।
एमसीडी से रिटायर्ट कर्मी इंद्रपाल लोनी के अगरौला गांव में रहते हैं। उनकी पुत्रवधू कविता ने बताया कि सास सरोज अपनी मौसी सुरेश के साथ मंगलवार को राजस्थान खोली बाबा मोहन राम के मंदिर में गई थीं। उन्होंने बताया कि दोनों मौसी भतीजी बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थीं। सास ने फोन पर बात कर स्टेशन पर रुकने व अगले दिन घर पहुंचने की बात बताई थी। शुक्रवार को सास के घर न पहुंचने पर उन्होंने कई फोन किए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि करीब तीन बजे लोनी संयुक्त अस्पताल से किसी ने फोन कर उन्हें मौसी व भतीजी के अचेत होने की जानकारी दी। अस्पताल पहुंचने पर सास ने बताया कि ट्रेन में किसी राहगीर ने चाय पिलाई थी। इसके बाद दोनों अचेत हो गईं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत के अनुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।