त्योहारी सीजन में भी जाम शहरवासियों का पीछा नहीं छोड़ रहा। फेस्टिवल सीजन शुरू होने के बावजूद नगर निगम ने शहर की खराब पड़ी ट्रैफिक सिग्नल लाइट्स को चालू नहीं कराया है।
जाम की समस्या से जूझ रहे शहर को निजात दिलाने के लिए एडीएम सिटी ने ट्रैफिक पुलिस, निगम समेत कई विभागों की बैठक बुलाई तो खराब ट्रैफिक सिग्नल का मुद्दा बैठक में भी गूंजा। अफसरों ने नगर निगम को ‘जाम का जिम्मेदार’ बताया।
डीएम निधि केसरवानी ने भी शहर के जाम पर चिंता जताई थी। उन्होंने जाम के कारण तलाशने और इसे खत्म कराने के लिए जिला प्रशासन के अफसरों की भी ड्यूटी लगाई थी। नगर निगम ने भी ट्रैफिक सिग्नल दुरुस्त कराने का दावा किया, लेकिन थोड़े ही दिन बाद यातायात व्यवस्था उसी पुराने ढर्रे पर लौट आई।
अब त्योहारी सीजन में जाम का झाम फिर लोगों को सता रहा है। दो दिन पूर्व एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह ने नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी समेत कई विभागों की मीटिंग ली थी।
बैठक में एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने शहर में जाम लगने का प्रमुख कारण ट्रैफिक सिग्नलों का खराब होना बताया था। उन्होंने बैठक में लंबे समय से खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नल की लिस्ट भी दी।
इन ट्रैफिक सिग्नल के मेंटेनेंस का जिम्मा नगर निगम पर है, लेकिन निगम अफसरों ने इन्हें बीओटी (बिल्ट ऑपरेट एंड ट्रांसफर) पैटर्न पर ठेकेदारों के हवाले कर दिया। ठेकेदार सिर्फ कागजों में ही इन ट्रैफिक सिग्नल्स को संचालित कर रहे हैं और इनकी मेंटेनेंस के नाम पर यूनिपोल लगाकर विज्ञापन से कमाई कर रहे हैं।
इन तिराहों-चौराहों पर खराब हैं सिग्नल्स
एएलटी रोड राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, घंटाघर जीटी रोड, विजयनगर थाना चौक, एनएच-24 प्रताप विहार क्रासिंग्स, भोपुरा चौक, साहिबाबाद साइट-फोर पुलिस चौकी के पास, बुद्ध चौक वसुंधरा, कनावनी पुलिया, पुष्पांजलि अस्पताल टी प्वाइंट, डाबर तिराहा, वेव सिनेमा तिराहा, वैशाली तिराहा, क्लब-5 लिंक रोड, प्रहलाद गढ़ी, मोहननगर चौराहा, नंदग्राम टी-प्वाइंट, चौधरी मोड़, सेठ मुकुंदलाल कालेज चौक, यूपी गेट एनएच-24, सब्जी मंडी लिंक रोड, वसुंधरा चौराहा, आराधना सिनेमा टी-प्वाइंट जीटी रोड, शास्त्री नगर तिराहा, होटल कंट्री इन, रेलवे स्टेशन गाजियाबाद।
नगर निगम को पूर्व में भी खराब ट्रैफिक सिग्नल की लिस्ट भेजी गई थी। सिग्नल लाइटें खराब होने की वजह से ट्रैफिक को मैनुअल चलाना पड़ता है और जाम लगता है। एक बार फिर निगम को खराब ट्रैफिक सिग्नल की लिस्ट भेजकर इन्हें संचालित कराने के लिए कहा गया है। - राजेश कुमार, एसपी ट्रैफिक
..
ट्रैफिक सिग्नल को बीओटी पर दिया गया है। एक फर्म का कांट्रेक्ट खत्म हो गया है। फिलहाल इनका संचालन निगम का प्रकाश विभाग कर रहा है। जल्द ही नए सिरे से बीओटी कांट्रेक्ट देकर ट्रैफिक लाइट्स को संचालित कराया जाएगा। - अरुण कुमार गुप्त, उप नगर आयुक्त