नोएडा के चर्चित यादव सिंह प्रकरण में फंसे आरोपी विनोद कुमार गोयल ने की जमानत अर्जी पर सोमवार को बहस शुरू हुई। सीबीआई विशेष न्यायाधीश अनिल कुमार झा की कोर्ट में करीब ढाई घंटे तक बचाव पक्ष के अधिवक्ता राम अवतार गुप्ता ने बहस की। बचाव पक्ष की बहस जारी रखने के लिए कोर्ट ने अब 19 मई नियत की है।
बता दें कि 29 अप्रैल को तिरुपति कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर/पार्टनर विनोद कुमार गोयल ने सीबीआई विशेष कोर्ट में सरेंडर किया था। तभी से आरोपी डासना जेल में हैं। उनकी अंतरिम जमानत कोर्ट द्वारा पूर्व में ही खारिज की जा चुकी है।
कुछ दिन पूर्व ही विनोद कुमार गोयल के अधिवक्ता ने उनकी रेग्यूलर जमानत अर्जी कोर्ट में दाखिल की थी। सोमवार को इसी अर्जी पर बहस शुरू हो गई है।
एनआरएचएम घोटाला:
प्रदीप शुक्ला ने कोर्ट में भेजी हाजिरी माफी
चर्चित एनआरएचएम घोटाले में फंसे यूपी के सीनियर आईएएस प्रदीप शुक्ला बीमारी के चलते सोमवार को कोर्ट में पेश नहीं हो सके। उनके अधिवक्ता की ओर से कोर्ट में हाजिरी माफी की अर्जी पेश की गई। इससे पहले इस मामले में फंसे कारोबारी अतुल निगम समेत तीन आरोपी कोर्ट में पेश हुए। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने अब 21 जून की तारीख नियत की है।