साहिबाबाद। जिले में आज दूसरे चरण का मतदान होगा। इस दौरान जिले भर में निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के सख्त आदेश हैं। इसे लेकर हर जोन में टीम गठित कर दी गई है जिससे यदि किसी भी सेंटर पर या फिर लोकेशन पर बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो इस पर कार्रवाई के लिए तुरंत टीम पहुंचेगी। हर जोन पर तीन सदस्यों की टीम बनाई गई है।
पिछले कुछ दिनों से टीएचए के कई इलाकों में बिजली की समस्या बनी हुई थी। इसमें वसुंधरा, वैशाली से लेकर खोड़ा, इंदिरापुरम और साहिबाबाद में लंबे कट की शिकायत आ रही थी, लेकिन बृहस्पतिवार को ऐसा नहीं दिखा। वहीं, गठित टीम भी फॉल्ट वाले इलाकों में कड़ी नजर बनाए हुए है जिससे कहीं पर कोई बड़ा फॉल्ट न आए।
कोई परेशानी हो तो करें नजदीकी कार्यालय में संपर्क
बिजली निगम के चीफ इंजीनियर अजय ओझा ने बताया कि यदि इलाके में किसी कारण से बिजली जाती है या फिर कट लगता है तो पहले हेल्पलाइन पर कॉल करें और समाधान नहीं होता है तो इसे लेकर नजदीकी कार्यालय में संपर्क करें। यहां पर टीम मदद करेगी । वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली निगम का हेल्पलाइन नंबर 1912 एक्टिव नहीं रहता है यही कारण है कि लोगों को इस तपती धूप में शिकायत करने में परेशानी आती है।